



भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में कुलपति के निजी सहायक संतोष कुमार के सेवा निवृत्त होने के अवसर पर विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में वर्तमान रजिस्ट्रार डॉ. रामाशीष पूर्वे, पूर्व रजिस्ट्रार उमेश प्रसाद, पलामू (झारखंड) स्थित रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय झा, झारखंड सरकार की संयुक्त सचिव रंजिता रंजन, भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, बी.एन. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार, टीएनबी कॉलेज के शिक्षकगण, विश्वविद्यालय के कर्मचारी, सेवा निवृत्त कई गणमान्य प्रोफेसर, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री मंत मुखोपाध्याय द्वारा किया गया। वहीं शोधार्थी आयुष भारती, हरेराम, धीरज कांत सहित अन्य छात्र-छात्राएं आयोजन में विशेष रूप से सक्रिय भूमिका में नजर आए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संतोष कुमार के दीर्घ, निष्ठावान और अनुकरणीय सेवा काल की सराहना की। उन्होंने कहा कि संतोष कुमार ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कार्यकुशलता, विनम्र व्यवहार और संस्थान के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहे।

बताया गया कि संतोष कुमार वर्ष 1985 में संविदा के आधार पर भूगोल विभाग में क्लर्क पद पर नियुक्त हुए थे। वर्ष 2003 में उन्हें नियमित किया गया और जनवरी 2026 तक कुलपति के निजी सहायक के रूप में अपनी सेवाएं देते हुए सेवा निवृत्त हुए। लगभग चार दशकों तक विश्वविद्यालय से जुड़ी उनकी सेवा यात्रा कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रही।
समारोह के अंत में उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
















