5
(1)

भागलपुर : दीपावली के शुभ अवसर पर बिहार सरकार ने भागलपुरवासियों को एक ऐतिहासिक तोहफा दिया है। वर्षों से लंबित पड़े ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट निर्माण के सपने को साकार करने की दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। बिहार सरकार ने सुल्तानगंज में एयरपोर्ट निर्माण के लिए 472 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के वायुयान संगठन निदेशालय ने यह राशि लगभग एक सप्ताह पहले ही भागलपुर जिला प्रशासन के खाते में हस्तांतरित कर दी थी। इस निर्णय से भागलपुर और आसपास के जिलों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

भागलपुर में हवाई जहाज सेवा की मांग लंबे समय से उठती रही है। इस दिशा में सबसे प्रमुख भूमिका भागलपुर हवाई जहाज सेवा संघर्ष समिति ने निभाई। समिति के संयोजक कमल जायसवाल ने 2022 में अपने साथियों के साथ आंदोलन की कमान संभाली थी। उन्होंने दीप नारायण सिंह स्मारक घंटाघर परिसर में 33 दिनों तक शांतिपूर्ण उपवास किया और अहिंसा के मार्ग पर संघर्ष को तेज किया। समिति की सक्रिय भूमिका के साथ सांसद अजय मंडल ने इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया। वहीं, कहलगांव विधायक पवन यादव ने बिहार विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया। भागलपुर विधायक अजीत शर्मा, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न स्तरों पर पहल की।

संघर्ष समिति में डॉ. आनंद मिश्रा, प्रो. सुरेश यादव, प्रो. मनोज सिन्हा, ब्रजेश साह, विनय सिन्हा, जयप्रकाश जयसवाल, दिलीप जायसवाल, जयनंदन आचार्य, रवि मोहित, नीरज तिवारी, अभय घोष, सोनू शंभू नाथ भगत, गिरीश चंद्र भगत, इंजीनियर अमन कुमार, अधिवक्ता पवन कुमार, दिनेश कुमार, मिथिलेश कुमार, शंभू सिंह, प्रलाद चौधरी, गौरव जयसवाल, भगवान यादव, अजय कुमार मुन्ना, डॉ. जनार्दन साह, ई. अमन प्रीतम शुक्ला जैसे अनेक सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। महिला मोर्चे से संगीता तिवारी, सुनंदा रक्षित, पिंकी बगुरिया, क्रांति पाठक और श्वेता सिंह ने विशेष रूप से भागीदारी निभाई।

सरकार द्वारा राशि हस्तांतरित किए जाने के बाद संघर्ष समिति ने दीपावली की पूर्व संध्या पर मिठाई वितरण और आतिशबाजी कर खुशी व्यक्त की। समिति ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, एनडीए सरकार एवं सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समिति ने यह भी कहा कि भागलपुर के मीडिया और यूट्यूब पत्रकारों ने लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिससे सरकार का ध्यान इस ओर गया। समिति ने सभी पत्रकारों को धन्यवाद देते हुए कहा कि “भागलपुर इन मीडिया कर्मियों को कभी नहीं भूल पाएगा।”

ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण से न केवल भागलपुर बल्कि संपूर्ण अंग प्रदेश के आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना पूर्ण होने पर भागलपुर को बिहार का एक बड़ा हवाई केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: