



भागलपुर के तिलका मांझी विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार की शाम छात्र राजनीति को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। आरोप है कि छात्र राजद कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर जातिसूचक गालियाँ दीं और उन पर हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की शाम करीब 4 बजे एबीवीपी कार्यकर्ता आनंद कुमार अपने साथियों ऋषि महतो, सूर्य प्रताप दुबे और शिवम् तिवारी के साथ विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान छात्र राजद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष लालू यादव अपने समर्थकों प्रिंस यादव, प्रभाकर यादव, आशीष रॉय, गोविंद और 15–20 अन्य कार्यकर्ताओं के साथ वहाँ पहुँचे।

पीड़ित आनंद कुमार का आरोप है कि छात्र राजद नेताओं ने उनकी जाति का नाम लेकर अपमानजनक गालियाँ दीं और कहा कि “तुम इस जाति के हो और यहाँ दिखते हो, यह तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई।” इसके बाद आरोपियों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस हमले में कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं और परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

खास बात यह है कि घटना के समय विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. कृष्णा कुमार और विश्वविद्यालय थाना के एस.आई. बिमल कुमार यादव मौके पर मौजूद थे। पूरा घटनाक्रम विश्वविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है।
पीड़ित पक्ष ने इस मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की माँग की है।
















