


भागलपुर । सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में भागवत कथा के प्रसाद वितरण के दौरान विवाद हो गया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बाबूपुर गांव में भागवत कथा के बाद प्रसाद बांटा जा रहा था। प्रसाद लेने के लिए काफी संख्या में लोग जुटे थे, जिससे वहां भीड़ हो गई थी। इसी दौरान अजय कुमार की गांव के ही अंकित, उत्तम, सौरभ और शिवम के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चारों युवकों ने मिलकर अजय कुमार पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय कुमार को इलाज के लिए मायागंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















