



भागलपुर। श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर भागलपुर के महादेव तालाब, कुतुबगंज से शनिवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिलाएं अपने माथे पर कलश लेकर शामिल हुईं। डीजे पर बज रही भक्तिमय धुनों और जयघोष के बीच महिलाएं झूमती-नाचती रहीं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति के माहौल में सराबोर हो गया।

कलश शोभा यात्रा महादेव तालाब से प्रारंभ होकर बरारी गंगा घाट पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलश में गंगाजल भरा गया। इसके पश्चात शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः महादेव तालाब परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

आयोजकों के अनुसार महादेव तालाब परिसर में 8 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन कथा वाचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजक पप्पू तांती ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार और भक्ति का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की।
















