


नवगछिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात करीब 1:30 बजे भवानीपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आशाटोल की ओर से एक ट्रैक्टर पर अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए आशाटोल पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर की तलाशी ली, जिसमें डाला से कुल 37.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। घटना के संबंध में भवानीपुर थाना कांड संख्या 189/25, धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












