


अध्यक्ष पद पर 7 उम्मीदवार, सचिव पद पर होगा मुकाबला, कई पदों पर निर्विरोध चयन
नवगछिया । बिहार वाहिनी स्वयंसेवक संघ के संगठनात्मक चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई। नामांकन के बाद कई पदों पर तस्वीर साफ हो गई है, जबकि कुछ पदों पर चुनाव होना तय हो गया है।
जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए कुल सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया है, जिससे इस पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं उपाध्यक्ष पद पर दो उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।
सचिव पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं, जिन्हें ‘कप-प्लेट’ और ‘चारपाई’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। इस पद पर मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा उप सचिव पद निर्विरोध रहा, जबकि अन्य सचिव पदों के लिए चार उम्मीदवारों का चयन बिना मुकाबले के ही कर लिया गया है।
कोषाध्यक्ष पद पर भी एक उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया है।
महिला सेल में भी निर्विरोध चयन
महिला सेल के अध्यक्ष पद पर एक, सचिव पद पर तीन तथा सदस्य पदों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार जिन पदों पर एक से अधिक उम्मीदवार हैं, वहां निर्धारित तिथि पर मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर संगठन में उत्साह का माहौल है।















