



भागलपुर। मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के विरोध में बुधवार को महागठबंधन के सैकड़ों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बिहार बंद को सफल बनाने के उद्देश्य से सड़क पर उतरकर सुलतानगंज प्रखंड में चक्का जाम किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व राजद सुलतानगंज प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष विवेकानंद यादव ने किया।
महागठबंधन के नेता प्रखंड मुख्यालय के समीप एकत्र हुए और भागलपुर-सुलतानगंज मुख्य मार्ग संख्या 80 को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

सड़क जाम के कारण बड़ी संख्या में वाहन यातायात में फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। बाद में सभी कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए नगर भ्रमण पर निकले और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंक, स्कूल और प्रखंड कार्यालयों को भी बंद कराया गया।

सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुलतानगंज शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
कार्यक्रम में जन संसद के संरक्षक अजीत कुमार, राजद के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नट बिहारी मंडल, वरिष्ठ नेता रामचंद्र चौधरी, राजद नगर अध्यक्ष अफरोज आलम, कांग्रेस विधायक प्रत्याशी विनय शर्मा, पूर्व सांसद प्रतिनिधि अरविंद कुमार, सकलदेव यादव, विक्की कुमार, सुबोध कुमार सिंह, जन संसद के कार्यकर्ता राजीव कुमार जायसवाल समेत अनेक कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे।













