



भागलपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के अंतर्गत 100 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र (सोलर इंस्टॉलेशन) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुभम इंटरप्राइजेज द्वारा शहर के एक निजी होटल में ग्राहक मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में सहायक विद्युत अभियंता प्रणव कुमार मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत बैंक के माध्यम से ऋण की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने में सहायता मिल रही है।

शुभम इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर संजय कुमार शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह योजना उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल बिजली बिल में बचत होगी, बल्कि देश में स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा के प्रयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक पहल है।













