


भागलपुर। जिले में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी के विकराल रूप ने ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों के लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है। वार्ड नंबर 1, 9 और 10 के कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों का जीवन कठिन हो गया है।
विश्वविद्यालय से लेकर चंपानगर तक का मुख्य मार्ग गंगा के पानी में डूबा हुआ है। पानी की गहराई 3 फीट से अधिक हो गई है, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह बाधित है। इस रास्ते से गुजरने के दौरान कई लोग पानी में फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर होती जा रही है, लेकिन अब तक न तो जनप्रतिनिधि हालचाल लेने पहुंचे हैं और न ही नगर निगम की ओर से किसी तरह की राहत या नाव की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराज़गी व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।












