


भागलपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में अवैध वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी डॉक्टर संजीव कुमार ने आरोप लगाया है कि वह अपना स्कूटी बुक कराने के लिए भागलपुर स्टेशन पहुंचे थे।
डॉ. संजीव कुमार के अनुसार, वहां मौजूद एक कर्मचारी ने पैकिंग के नाम पर 350 रुपये की मांग की। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो कर्मचारी ने उनके साथ गाली-गलौज की और आंख फोड़ देने की धमकी दी। डॉक्टर का कहना है कि यह घटना न केवल अपमानजनक थी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करती है।
घटना से आक्रोशित डॉक्टर ने तत्काल भागलपुर जीआरपी थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से यात्रियों में नाराजगी है और रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।












