


भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर पंचायत में बाढ़ पीड़ितों को अंचलाधिकारी की लापरवाही के कारण भूखे सोना पड़ा। सामुदायिक किचन में राशन उपलब्ध न होने से नाराज ग्रामीणों ने जब कहलगांव के भाजपा विधायक पवन यादव को अपनी पीड़ा बताई, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई की बात कही।
गुरुवार को विधायक पवन यादव बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए गोराडीह प्रखंड के मोहनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित भगवती स्थान पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक किचन में अंचलाधिकारी की लापरवाही से राशन की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण वे पिछले रात भूखे सोने को मजबूर थे।
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक पवन यादव ने मीडिया से कहा कि गोराडीह के अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने जिला अधिकारी से बात कर जल्द से जल्द इन दोनों पदाधिकारियों को बर्खास्त करने और नए पदाधिकारी नियुक्त करने की मांग की, ताकि बाढ़ पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके।
विधायक पवन यादव ने यह भी घोषणा की कि यदि प्रशासन की ओर से राशन की व्यवस्था नहीं की जाती है, तो वे स्वयं अपने स्तर से राशन उपलब्ध कराकर बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराएंगे।












