


भागलपुर जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में लव मैरिज करने वाली विवाहिता करिश्मा (22) और उसके मासूम बेटे पर मायके वालों ने हमला कर दिया। लगभग ढाई साल पहले करिश्मा और लवकुश (24) ने कोर्ट मैरिज की थी। दोनों की पहचान कोचिंग में हुई थी और खेत में भी उनकी मुलाकात होती थी। धीरे-धीरे उनकी मोहब्बत परवान चढ़ी और दोनों ने घरवालों की नाराजगी के बावजूद शादी कर ली।
शादी के बाद लड़की के परिवार वालों ने करिश्मा से बातचीत करना बंद कर दिया था। करिश्मा चाहती थी कि उसके माता-पिता इस रिश्ते को स्वीकार कर लें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। करीब दो महीने पहले जब करिश्मा ने बेटे को जन्म दिया, तो मायके वालों का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने धमकी दी थी कि वे बेटी और उसके बच्चे को जान से मार देंगे।
पिता निर्मल मंडल, भाई पवन और चाचा हथियार लेकर ससुराल पहुंचे और घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में करिश्मा, उसके ससुर सुमेर मंडल और भैंसुर राजेश मंडल घायल हो गए। ससुर की हालत नाजुक बताई जा रही है। कुल पांच लोग जख्मी हैं। सभी को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव का माहौल है।












