


भागलपुर: भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के कुजबन्ना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आंचल कुमारी (20) के रूप में हुई है। आंचल की शादी एक साल पहले जयकांत दास उर्फ अनिल दास से हुई थी। शव पर चोट के निशान और नाक से खून निकलने के कारण परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि आंचल की पहले पिटाई की गई, फिर उसकी हत्या कर शव को कमरे में रख दिया गया। मृतका के पिता राजेंद्र दास ने दामाद जयकांत, समधी कोपल दास और समधन यशोदा देवी पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शादी के बाद से ससुराल वालों द्वारा आंचल से दहेज की मांग की जाती रही थी, और उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी।
मृतका की मां फूलो देवी ने बताया कि आंचल की शादी एक साल पहले कुजबन्ना गांव के जयकांत दास से हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी, और दहेज के रूप में एक लाख रुपए दिए गए थे। शादी के छह महीने बाद से पति और ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग करना शुरू कर दिया था। इसके बाद से आंचल को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। फूलो देवी के अनुसार, आंचल कई बार अपनी मां से फोन पर मारपीट की जानकारी देती थी।
घटना की सूचना मिलने पर पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पीरपैंती थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, मृतका के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।












