


भागलपुर में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी ने बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद किया और गौ मतदाता संकल्प यात्रा का आयोजन किया। उन्होंने घोषणा की कि बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर गौ भक्त प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे और शंकराचार्य स्वयं उनके प्रचार में सक्रिय रहेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि “सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे। गौ रक्षा केवल हमारी आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज और संस्कृति की आधारशिला भी है।” उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल उन्हीं प्रत्याशियों को वोट दें, जो गौ रक्षा को लेकर स्पष्ट और दृढ़ संकल्पित हों।
शंकराचार्य ने बताया कि वे दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पार्टी कार्यालय गए और सभी दलों से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने का पक्ष रखने का अनुरोध किया, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल ने इस विषय में स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसलिए अब मजबूरी में उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव में गौ भक्त प्रत्याशी उतारने पड़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में सभी विधानसभा क्षेत्रों से उनके उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद औपचारिक रूप से यह बताया जाएगा कि कौन-कौन उम्मीदवार उनके प्रतिनिधित्व में चुनाव लड़ेंगे।
कार्यक्रम का माहौल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक था, और उपस्थित भक्तों ने शंकराचार्य के संदेश को श्रद्धा और उत्साह के साथ आत्मसात किया।












