



नवगछिया : ‘बदलो बिहार- बनाओ नई सरकार’ अभियान के तहत आठ जिलों के दौरे पर निकले महात्मा गांधी के प्रपौत्र और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी शुक्रवार को सुबह बिहपुर पहुँचे, जहाँ बहुजन चेतना केंद्र में आयोजित जनसभा में उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि “वोटर लिस्ट का सत्यापन अब ग्राम सभा से होना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी असली नागरिक इससे वंचित न हो।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के लोग आज भी गांधी की परछाई से डरते हैं। देश की जनता अब इनके 11 वर्षों के कार्यकाल को समझ चुकी है, इसलिए इनके पास सत्ता में बने रहने के लिए अब केवल नेताओं की खरीद-फरोख्त का रास्ता बचा है। तुषार गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संस्था अब भाजपा की एजेंट बन गई है और वोटर लिस्ट से आम नागरिकों को बाहर करने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत लेखक गौतम कुमार प्रीतम द्वारा लिखित पुस्तक “आज़ादी के गुमनाम नायक” के विमोचन से हुई। पुस्तक का विमोचन तुषार गांधी, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम, वर्धा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज कुमार, ‘जनता’ पत्रिका की को-संपादक गुड्डी, सामाजिक कार्यकर्ता उदय, राष्ट्र सेवा दल के रवींद्र सिंह और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
सभा को संबोधित करते हुए किसान नेता डॉ. सुनीलम ने कहा कि “बिहार का अपमान हुआ है। पहली बार 77 वर्षों में चुनाव आयोग के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरे हैं। बिहपुर के युवा नेता गौतम कुमार प्रीतम ने ऐतिहासिक कार्य करते हुए आज़ादी के गुमनाम नायकों को सामने लाया है और यह आने वाले समय में बिहपुर का नेतृत्व करेंगे।”

कार्यक्रम के दौरान आज़ादी आंदोलन से जुड़े शहीदों के परिवारों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य मोईन राईन ने की। संचालन रवींद्र सिंह व गौतम कुमार प्रीतम ने संयुक्त रूप से किया और धन्यवाद ज्ञापन अखिलेश रमन ने प्रस्तुत किया।
सभा को शेख अल्लाउद्दीन (महाराष्ट्र), महेन्द्र यादव (कोसी नवनिर्माण मंच), अरविंद मुर्ति (उत्तर प्रदेश), विनोद सिंह निषाद, नसीब रविदास, राजद जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस मौके पर मुखिया मोहम्मद सलाहुद्दीन, कामरेड निरंजन चौधरी, भाकपा माले जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, गौरीशंकर राय, राजेश पंडित, विजय पंडित, निर्भय, अनुपम आशीष, पृथ्वी शर्मा, सुनीता देवी, जेडी कौशल, बिट्टू कुमारी, रूची, अंजली, चंदा, दिव्या भारती सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।













