


नवगछिया।
बिहपुर एनडीए कार्यालय में सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरागवी का पूरे विधानसभा क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी और भव्यता के साथ अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर सबसे पहले बिहपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक शैलेंद्र समेत जिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरागवी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी जी केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए शांति और मानवता के प्रेरणास्त्रोत थे। उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए 2047 तक विकसित भारत का निर्माण किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का विवरण देते हुए कहा कि भाजपा केवल “सबका साथ, सबका विकास” का नारा नहीं देती, बल्कि इसे व्यवहार में भी लागू कर रही है। उन्होंने पार्टी के विकास में कार्यकर्ताओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें बूथ स्तर का सामान्य कार्यकर्ता भी पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुँच सकता है।
कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को अंगवस्त्र, बुके और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने किया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, महंत नवलकिशोर दास, मुकेश राणा, मनोज लाल, वासुदेव सिंह, विपीन मिश्रा, प्रभुनंदन चौधरी, रूपेश रूप, अभय राय, ललिता देवी समेत मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ अध्यक्ष और महिला मोर्चा के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।












