



नवगछिया ।
एनडीए कार्यालय बिहपुर में बुधवार को नवगछिया पुलिस जिला भाजपा के संयोजन में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि ‘समर्पण दिवस’ के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम में मुंगेर के पूर्व विधायक प्रणव यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने किया।
जिला एवं विभिन्न मंडलों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रणव यादव ने कहा कि महान भारतीय विचारक, दार्शनिक, पत्रकार और भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा के नगला चंद्रभान में हुआ था तथा 11 फरवरी 1968 को उनका निधन हुआ। वे एकात्म मानववाद के प्रणेता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान (अंत्योदय) के लिए समर्पित रहे। उन्होंने कहा कि उनका जीवन दर्शन और संघर्ष हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल गुप्ता, दिनेश यादव, रूपेश रूप, अभय राय और कन्हैया झा सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि पंडित उपाध्याय ने जनसंघ की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वर्ष 1967 तक राष्ट्रीय महामंत्री रहे। एकात्म मानववाद के माध्यम से उन्होंने भारतीय मूल्यों पर आधारित राजनीतिक एवं आर्थिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। सादगी, राष्ट्रवाद और सेवा भावना के प्रतीक के रूप में वे सदैव देशवासियों के हृदय में रहेंगे।

कार्यक्रम में दिलीप महतो, बाल्मीकि सिंह, बज्रेश चौधरी, दिलीप सिंह, पिंटू गुप्ता, लालमोहन, मेहता सच्चिदानंद, चंद्रशेखर सिंह, निरंजन साह, संजय राय, अवधेश सनगही, सदानंद सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
















