


खरीक उत्तरी मंडल के पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा, बूथ प्रबंधन और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर लिया प्रशिक्षण
नवगछिया । बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में गुरुवार को भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार खरीक उत्तरी मंडल के पार्टी पदाधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन एवं विषय प्रवेश बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने किया। प्रथम सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रो. गौतम ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायक शैलेंद्र, दिनेश यादव, प्रो. गौतम, अजीत चौधरी, डॉ. प्रीति शेखर, महंत नवलिशोर दास और रूपेश रूप सहित अन्य वक्ताओं ने विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान, संगठन का इतिहास एवं विकास, कार्य विस्तार की दृष्टि, कार्यपद्धति, सरकार की उपलब्धियां, इंटरनेट मीडिया और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा बूथ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प से प्रेरित एक सशक्त संगठन है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण को गहराई से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा देने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की भावना पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर बाल्मिकी मंडल, सौरव सावर्ण, कन्हैया झा, अमित सिंह, विपीन मंडल, उषा देवी, सुमन, सुप्रिया, अभय राय, धनंजय मिश्र, नवीन उर्फ चुन्नू चौधरी, मेराज आलम और श्याम यादव सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बताया गया कि 16 मार्च को खरीक दक्षिणी मंडल का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण महाभियान 7 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाला है।















