



नवगछिया ।
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक ई. शैलेंद्र ने रविवार को बिहपुर प्रखंड अंतर्गत हरियो के समीप कोसी तटबंध पर बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी और सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की।

विधायक ने बताया कि बिहपुर पीएमजीएसवाई सड़क सतीशनगर–जयरामपुर से हरियो कोसी त्रिमुहान एनएच-106 तक कुल लगभग पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया जाएगा। इस सड़क पर कुल चार करोड़ 52 लाख 320 रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल आम लोगों की आवागमन सुविधा को बेहतर बनाएगी, बल्कि किसानों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इसके साथ ही सतीशनगर से बिहपुर तक यह सड़क एक प्रकार से एनएच-31 के बायपास के रूप में कार्य करेगी।

इसके पश्चात विधायक ने हरियो पंचायत के वार्ड संख्या 6 और 8 के मध्य लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता सुरेश राजपाल ने की, जबकि संचालन शशिकांत सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक का भव्य नागरिक अभिनंदन भी किया गया।
विधायक ई. शैलेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में विकास की गति को कभी थमने नहीं दिया जाएगा और जनता की जरूरतों के अनुरूप निरंतर कार्य किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, भवन और बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर होगा।
कार्यक्रम में नारायण पासवान, विष्णुदेव सिंह, महेंद्र मालाकार, ब्रह्मदेव सिंह, उपमुखिया अनिल सिंह, वार्ड सदस्य रमेश सिंह, प्रोफेसर गौतम कुमार, गगन सिंह, अजय उर्फ माटो, नवीन चौधरी चुन्नू, सिंटू, सौरव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













