


पटना में मुलाकात कर राज्यपाल पद संभालने पर दी शुभकामनाएं
नवगछिया । बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शैलेंद्र ने बुधवार को पटना में नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने उन्हें राज्यपाल का दायित्व संभालने पर शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद कर मार्गदर्शन तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक शैलेंद्र ने कहा कि नंदकिशोर यादव के लंबे राजनीतिक अनुभव, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण से सभी को निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि देश के पूर्वोत्तर राज्यों के विकास और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में नई गति आई है। ऐसे समय में उनका नागालैंड का दायित्व संभालना प्रदेश और देश के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।
इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के नवगछिया जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर गौतम ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर सात मार्च से चौदह अप्रैल तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 चलाया जा रहा है। इसके तहत बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में महाअभियान की पहली कड़ी में गुरुवार को बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में खरीक उत्तरी मंडल की बैठक आयोजित की जाएगी।















