


भागलपुर के भीखनपुर गुमटी नंबर-2 इलाके में शुक्रवार सुबह रेलवे की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान बुलडोजर चलाकर दो दर्जन से अधिक झोपड़ियों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर रेलवे पुलिस के साथ ईशाकचक थाना की पुलिस भी तैनात रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अतिक्रमण हटाने पहुंचे अधिकारियों और वहां रह रहे लोगों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। अपने आशियाने टूटते देख कई लोग आक्रोशित नजर आए, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही।
इसी बीच माहौल को बिगाड़ने की कोशिश भी की गई। जब बुलडोजर झोपड़ियों को गिरा रहा था, तभी अचानक एक झोपड़ी में आग लगा दी गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस और कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति संभालते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया।















