



भागलपुर शहर के भीखनपुर इलाके में रेलवे गुमटी नंबर एक पर बनाए जा रहे अंडरपास का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे द्वारा तैयार किया गया अंडरपास का डिजाइन पूरी तरह गलत है। यदि इसी डिजाइन के आधार पर निर्माण कार्य हुआ तो लगभग दो हजार लोगों की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित होगी।

ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर भीखनपुर बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन शुरू कर दिया है। आज भागलपुर के सांसद अजय मंडल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की। सांसद ने मालदा डीआरएम से मोबाइल पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
सांसद अजय मंडल ने स्पष्ट कहा कि रेलवे का मौजूदा डिजाइन सही नहीं है और इसमें बदलाव करना बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर इस मुद्दे का समाधान कराया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में पूर्वी रेलवे ने इस इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया था। अब ग्रामीणों की मांग है कि अंडरपास का निर्माण उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जाए, ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।













