



डाकबमों की जयघोष से गूंजा शिवधाम, एसडीओ और सीओ ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
नवगछिया : सावन मास की दूसरी सोमवारी पर बिहपुर प्रखंड अंतर्गत मड़वा स्थित बाबा बज्रलेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। श्रद्धा और आस्था के इस महापर्व पर डाकबमों और आम श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही मंदिर प्रांगण में उमड़ पड़ी, जिससे सम्पूर्ण वातावरण ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर करीब 60 हजार डाकबमों समेत दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने रविवार की रात अजगैबीनाथ धाम से अगुवानी गंगा घाट तक गंगाजल लाकर लगभग 40 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी कर सोमवार की सुबह बाबा बज्रलेश्वरनाथ के दरबार में जल चढ़ाया।
पूरे आयोजन में ग्रामीणों, विशेषकर नवयुवकों ने स्वेच्छा से भाग लेकर सफाई, दर्शन व्यवस्था, जल सेवा और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय युवाओं के साथ-साथ मंदिर ट्रस्ट और पुलिस प्रशासन की टीम भी पूरी सतर्कता में जुटी रही।
झंडापुर थाना प्रभारी विश्वबंधु कुमार ने बताया कि महिला और पुरुष पुलिस बल के साथ-साथ मंदिर समिति के स्वयंसेवकों की भी व्यापक रूप से तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सोमवार को नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह और बिहपुर अंचलाधिकारी लवकुश कुमार स्वयं बज्रलेश्वरनाथ धाम पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की। पूजा के उपरांत एसडीओ ने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सुधार के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन में स्थानीय प्रशासन, मंदिर ट्रस्ट, पुलिस बल, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। मौके पर कई गणमान्य लोग, समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित थे, जिन्होंने बाबा भोलेनाथ से क्षेत्र के कल्याण की कामना की।














