



नवगछिया : ब्रेन ट्रेन स्कूल, रंगरा चौक में वार्षिक समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी तथा अतिथियों की प्रेरणादायी उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रोफेसर पवन कुमार पोद्दार एवं विशिष्ट अतिथि प्रेम प्रकाश डोनाकिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, भाषण एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत महाभारत पर आधारित “द्रौपदी चीरहरण” नाट्य अभिनय रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से धर्म, अधर्म और सत्य की भावनात्मक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और छात्रों की अभिनय क्षमता की खूब सराहना हुई। वहीं विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी भाषण, नृत्य एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का दिल जीत लिया।

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रतिभा प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर बिहार प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के माननीय सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के निदेशक कौशल किशोर शर्मा ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। मंच संचालन कक्षा सात के छात्र हर्ष पंकज एवं हिंदी शिक्षक श्री जे. पोद्दार ने प्रभावशाली ढंग से किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ गया। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













