


भागलपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस की स्पेशल टीम ने कोतवाली बायपास एवं लालमटिया थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कुल 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई तथा एक महिला सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया था। सूचना मिली थी कि कोतवाली बायपास इलाके में ब्राउन शुगर की डिलीवरी होने वाली है। टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से शहर में सक्रिय था और युवाओं को निशाना बनाकर नशे की सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
वहीं लालमटिया थाना क्षेत्र में अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में छोटी-छोटी खेप की सप्लाई करता था और उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली बायपास मामले में पुलिस ने अभिषेक, गौरव सहित एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोतवाली एवं लालमटिया थाना क्षेत्र से पकड़े गए हैं।
प्रेस वार्ता में सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि शहर में संगठित तरीके से चल रहे नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा, “भागलपुर में नशा कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।”












