


भागलपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बुधवार को बूढ़ानाथ घाट पर 12 वर्षीय छात्र प्रिंस की पानी में डूबने से मौत हो गई। वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन दोस्तों के साथ नहाने के लिए बूढ़ानाथ घाट पहुंच गया।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब प्रिंस अपने स्कूल ड्रेस में घर से निकला। रास्ते में दोस्तों ने उसे गंगा में नहाने के लिए मना लिया। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और किसी वस्तु में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। उसके साथ मौजूद दोस्त घबरा कर मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एसडीआरएफ को सूचना दी गई। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बच्चे का शव बरामद किया।
मृतक की पहचान विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज निवासी रंजन दास के 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस के रूप में हुई है। वह एक सरकारी विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था। घटना जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ानाथ घाट की है।
इस घटना ने एक बार फिर बाढ़ के मौसम में गंगा के किनारे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर निगरानी और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।












