


भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के क्रम में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। अब जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में C-Vigil मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के अधिसूचित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे अपने संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर C-Vigil एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में उड़न दस्ता दल (Flying Squad Team) और स्थैतिक निगरानी दल (Static Surveillance Team) के साथ करीबी तालमेल बनाए रखना होगा, ताकि प्राप्त शिकायतों का तत्काल सत्यापन और कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन हो और किसी भी उल्लंघन की स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। इससे मतदाताओं में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।















