0
(0)

भागलपुर में कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने और समय पर जांच के महत्व को बताने के उद्देश्य से सोमवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JLNMCH) परिसर में कैंसर जन-जागरूकता, परामर्श एवं प्राथमिक जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार कैंसर केयर ऑर्गनाइजेशन (BCCO) और JLNMCH के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। शिविर में शहर के कई नामचीन चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया और कैंसर से बचाव व उपचार को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए BCCO के सचिव नवीन झा ने कहा कि कैंसर की जल्द पहचान और सही मार्गदर्शन ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही लोग घबरा जाते हैं, जबकि समय पर जांच और सही जानकारी से इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि BCCO का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में ही उसकी पहचान कर लोगों को सही उपचार उपलब्ध कराना है। संस्था कैंसर के इलाज को सस्ता और सुलभ बनाने के साथ-साथ मरीजों को आर्थिक एवं मानसिक सहयोग देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

नवीन झा ने आगे कहा कि संगठन अब केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा। बिहार के सभी 38 जिलों में पंचायत स्तर से लेकर राजधानी पटना और दिल्ली तक एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर, सोशल मीडिया अभियान और स्वयंसेवकों का बड़ा नेटवर्क बनाया जा रहा है, ताकि किसी भी गांव के मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

इस अवसर पर JLNMCH के कई वरिष्ठ चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कैंसर की प्रारंभिक जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए BCCO की इस पहल को समाज के लिए सराहनीय बताया। शिविर के दौरान कई लोगों को प्राथमिक जांच और परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के अंत में BCCO की ओर से संदेश दिया गया कि कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि उससे लड़ने की जरूरत है। सही जानकारी, समय पर जांच और उचित उपचार से इस बीमारी को हराया जा सकता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: