


भागलपुर। भागलपुर के तिलका मांझी यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के आसानंदपुर चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के समय मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार थे। जैसे ही मोटरसाइकिल से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं, दोनों सवार किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाते हुए वहां से हट गए।
देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक लोग पूरी तरह स्थिति समझ पाते, तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और काफी देर तक इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।















