5
(2)

नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड पर ट्रेनों में पॉकेटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोर और पॉकेटमार खिड़की से मोबाइल और पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर भागने में माहिर हो गए हैं। ताजा मामला शनिवार को बिहपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक और आउटर सिग्नल के बीच का है, जहां एक महिला यात्री का पर्स और मोबाइल छीनकर पॉकेटमार चलती ट्रेन से कूद गया।

इस घटना में महिला का पति जावेद अख्तर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जो पॉकेटमार का पीछा करते हुए चलती ट्रेन से कूद पड़ा। घायल जावेद को बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र निवासी मो. जावेद अख्तर, उनकी पत्नी और एक बच्चा 13163 अप हाटे-बाजारे एक्सप्रेस ट्रेन से कटिहार से सहरसा जा रहे थे। ट्रेन जब बिहपुर स्टेशन के आउटर पर धीमी हो रही थी, तभी एक वृद्ध व्यक्ति उनके पास आकर बैठा और महिला का पर्स व मोबाइल लेकर चलती ट्रेन से कूद गया।

हल्ला सुनकर नींद में सोया जावेद हड़बड़ाकर उठा और पॉकेटमार के पीछे दौड़ा। इस दौरान वह भी चलती ट्रेन से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन से कूदने के दौरान पॉकेटमार भी घायल हुआ, लेकिन वह मिल्की की ओर भाग गया।

ट्रेन रुकने के बाद महिला यात्री और उनका बच्चा जीआरपी के सहयोग से मौके पर पहुंचे और जावेद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जावेद के सिर, पांव, हाथ, कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

बिहपुर रेल जीआरपी थानाध्यक्ष सुदामा पासवान ने बताया कि घायल का इलाज कराया जा रहा है और पॉकेटमार की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि पीड़ित पक्ष द्वारा अब तक आवेदन नहीं दिया गया है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: