5
(1)

नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियो गांव के एक युवक का शव रविवार को सड़ी-गली अवस्था में कोसी नदी से बरामद किया गया। मृतक की पहचान हरियो निवासी 26 वर्षीय टिंकू कुमार, पिता कैलाश साह के रूप में हुई है, जो गत 3 जुलाई की रात से लापता था।

स्थानीय ग्रामीणों ने नवगछिया थाना क्षेत्र के बाबा बिशुराउत पुल के समीप कोसी नदी में शव को देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के पिता कैलाश साह ने बताया कि उनका पुत्र 3 जुलाई की रात से लापता था। उन्होंने 4 जुलाई को ही झंडापुर थाना में इसकी लिखित सूचना भी दी थी। परिजन और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को अचानक जब ग्रामीणों ने कोसी नदी में शव देखा, तो परिजनों को सूचित किया गया। कैलाश साह ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि उनका बेटा वहां तक कैसे पहुंचा।

मृतक के छोटे भाई रवि कुमार ने यह दावा किया कि उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि शव की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि उसे पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर गला दबाकर मार डाला गया। शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान थे और चेहरा पूरी तरह सूजा हुआ था। उन्होंने कहा कि शरीर पर प्रताड़ना के स्पष्ट संकेत हैं, जिससे यह संदेह और गहरा हो जाता है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है।

वहीं इस मामले में झंडापुर थानाध्यक्ष पुनि विश्वबंधु कुमार ने जानकारी दी कि हरियो गांव के युवक का शव बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस को अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि यदि आवेदन प्राप्त होता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। परिजन जहां गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों में भी भय और आक्रोश का माहौल है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे युवक की मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: