



भागलपुर। महज चार फीट जमीन को लेकर झारखंड के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित रखलिया डीह गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सगे भाई द्वारा कुल्हाड़ी से किए गए हमले में एक 60 वर्षीय महिला अरुणा देवी की इलाज के दौरान भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई।
मामले को लेकर मृतका के पुत्र रमाकांत शर्मा ने बताया कि वह बाहर काम करता है। जब वह घर लौट रहा था, तब रास्ते में अपनी मां से मोबाइल पर बात कर रहा था। उसी दौरान उसका छोटा भाई अपने हिस्से की जमीन पर बाउंड्री बना रहा था। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ।

रमाकांत ने आरोप लगाया कि चाचा जगतनारायण शर्मा और चचेरे भाइयों ने मिलकर कुल्हाड़ी, खंती और दविया से उसके माता-पिता और छोटे भाई पर हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार के दौरान अरुणा देवी की मौत हो गई।

घटना के बाद रमाकांत ने कहा कि उसके पिता और छोटे भाई की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पुनः झारखंड भेज दिया गया, क्योंकि भागलपुर के सरकारी अस्पताल की हालत बेहद खराब है।
उधर, सूचना मिलते ही बरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।













