


नवगछिया । चार साल से लापता एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उसके परिजन उत्तर प्रदेश से नवगछिया पहुंच गए हैं और युवक की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। परिजन वीडियो में दिख रहे युवक को अपना गुमशुदा भाई रमेश कुमार बता रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के शामली जिला अंतर्गत काजीपुरा गांव निवासी रमेश कुमार 7 जून 2022 को काम की तलाश में घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों व परिचितों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इस संबंध में स्थानीय थाना में गुमशुदगी की सूचना भी दी गई थी। इसके बावजूद चार साल बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल पाया।
बताया जाता है कि 17 जनवरी 2026 को नवगछिया में तैनात डायल 112 के पुलिस जवान धनंजय पासवान ने एक युवक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में वह युवक से बातचीत करते और उसका हालचाल पूछते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह युवक के खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर भी बात करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो तीन मार्च 2026 को रमेश कुमार के परिजनों की नजर में आया।
वीडियो देखते ही परिजनों ने उसमें दिख रहे युवक को अपने गुमशुदा भाई के रूप में पहचानने का दावा किया। इसके बाद रमेश कुमार के बड़े भाई श्रीराम, छोटे भाई सुरेश कुमार, चचेरे भाई जीत पालन तथा रिश्तेदार इंद्रसेन उत्तर प्रदेश से नवगछिया पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी।
परिजन नवगछिया और आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और अपने भाई को खोजने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब पुलिस जवान ने युवक के साथ वीडियो बनाया था, तब इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस को जानकारी दी जाती तो संभव है कि चार साल से लापता युवक के बारे में पहले ही पता चल जाता।
फिलहाल परिजन नवगछिया में रमेश कुमार की तलाश में जुटे हुए हैं और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
वहीं पुलिस जवान धनंजय पासवान ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। मानवता के नाते उससे बातचीत करते हुए उसका वीडियो बनाया गया था और सोशल मीडिया पर डाला गया था। वीडियो देखने के बाद परिजन यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि डायल 112 की पुलिस टीम भी युवक की तलाश में जुटी हुई है।














