



भागलपुर । लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत तथा नगर आयुक्त शुभम कुमार ने संयुक्त रूप से बरारी पुल घाट, एसएम कॉलेज घाट, सीढ़ी घाट एवं आदमपुर घाट का नाव से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, पीने के पानी की सुविधा और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए सुगम मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि छठ व्रत बिहार की आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसलिए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, गोताखोरों की टीम एवं आपदा मित्रों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य हो सके।

इसके साथ ही खतरनाक एवं अधिक गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा हो – “आगे गहरा पानी है, कृपया आगे न बढ़ें।” नगर निगम को निर्देश दिया गया कि सफाई के साथ-साथ पर्याप्त एलईडी लाइट्स की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
















