



भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शुक्रवार को बरारी सीढ़ी घाट और पुल घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। तड़के सुबह से ही महिलाएं और पुरुष गंगा स्नान कर छठ की पारंपरिक तैयारियों में लग गए। गंगा तट पर आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक उल्लास का अलौकिक नजारा दिखाई दिया। हर कोई सूर्य देव की उपासना में डूबा हुआ नजर आया।

भीड़ बढ़ने के मद्देनजर जिला प्रशासन विशेष रूप से मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीआरएफ की टीम को घाटों पर तैनात किया गया है। इसके साथ आपदा मित्रों को भी सक्रिय रखा गया है, जिससे किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। आपदा मित्र अमित कुमार, सनी मालदार और गौरव कुमार लगातार घाट क्षेत्रों में निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।

पुलिस बल के साथ-साथ नगर निगम की टीम भी लगातार सफाई और भीड़ नियंत्रण के कार्य में जुटी रही। घाट पर फिसलन रोकने, प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन के लिए भी प्रशासन प्रयासरत है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित घाटों पर ही गंगा स्नान करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
छठ महापर्व को लेकर पूरे शहर में उल्लास का वातावरण है। श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देने की तैयारियों में रत हैं, वहीं प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है।
















