




भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड स्थित राजकीय चंद्रावती कन्या मध्य विद्यालय, चंपानगर में चोरी की एक और घटना सामने आई है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान अज्ञात चोरों ने विद्यालय के कार्यालय कक्ष का ताला तोड़कर दो बैटरियां, लगभग 400 थाली, बाजा का एम्प्लीफायर, स्टील के बर्तन सहित अन्य सामान चुरा लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से विद्यालय में गर्मी की छुट्टी थी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जब स्कूल खुले तो स्टाफ ने देखा कि कार्यालय कक्ष का ताला टूटा हुआ है और वहां रखे कई सामान गायब हैं। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दो बैटरियों के अलावा लगभग 400 थालियां, एम्प्लीफायर, स्टील के बर्तन तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं चोरी कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि इस घटना की लिखित सूचना नाथनगर थाना और बीआरसी कार्यालय को दे दी गई है। प्रधानाचार्य ने यह भी कहा कि विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के कारण इस प्रकार की घटनाएं बार-बार घट रही हैं। कई छात्राओं और शिक्षकों ने भी चोरी की घटना पर चिंता जाहिर की है।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।














