



भागलपुर। कहलगांव अनुमंडल के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलकूलिया सिंचाई विभाग वार्ड संख्या 13, नगर पंचायत में चुल्हे से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिससे आठ घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पीड़ित परिवारों का भारी नुकसान हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार राजा सहनी के घर खाना बनाने के दौरान चुल्हे से निकली चिंगारी अचानक आसपास फैल गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए। इस अगलगी की घटना में राजा सहनी, अमरजीत सहनी, सूरज सहनी, चंदन सहनी, पंकज सहनी, मनोज सहनी, मुन्ना सहनी एवं राजू सहनी के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

आग में मछली पकड़ने के जाल, शादी के लिए रखे गए सामान, करीब दो लाख रुपये नगद, जेवरात, खाद्य सामग्री सहित टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं जलकर राख हो गईं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिहार अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तब तक अधिकांश घर और सामान जल चुके थे। बाद में दमकल की दो गाड़ियों और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और प्रशासन से राहत सहायता की मांग की जा रही है।
















