



पीरपैंती। प्रखंड अंतर्गत शेरमारी चौक और प्यालापुर चौक पर महागठबंधन द्वारा मंगलवार को चुनाव आयोग के विरुद्ध शांतिपूर्ण चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर गरीब, असहाय और अशिक्षित लोगों को हो रही परेशानियों के खिलाफ आवाज उठाना था।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राज्य सरकार जानबूझकर मतदाता सूची की प्रक्रिया को जटिल बना रही है ताकि लोगों का ध्यान बुनियादी विकास के मुद्दों से भटकाया जा सके और मतदान एनडीए के पक्ष में सुनिश्चित किया जा सके।

प्रदर्शन के दौरान बाजार की दुकानें शांतिपूर्वक बंद कराई गईं और चक्का जाम कर दो से तीन घंटे तक यातायात बाधित रखा गया। हालांकि, एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को आने-जाने की अनुमति दी जाती रही।
इस मौके पर पूर्व विधायक राम विलास पासवान, प्रखंड राजद अध्यक्ष (दक्षिणी) रंजीत साह, (उत्तरी) मुरली यादव, नगर पंचायत के जानिसार असलम, युवा जिला उपाध्यक्ष मुकेश यादव, युवा प्रखंड अध्यक्ष प्रभात यादव, गोपीचंद यादव, नरेश यादव, ओम प्रकाश पंडित, अशोक राम, गोपाल पासवान, डॉ. संजय रजक, सुधांशु कुमार, चंद्रशेखर, चंदन यादव, मुन्ना यादव, चांद अली, पूर्व रेलवे प्रबंधक अनुरंजीत कुमार, अबू कमर, कृष्ण बिहारी गर्ग, कुंदन यादव सहित बड़ी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि गरीबों के मताधिकार से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।













