



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों से उनकी तैयारियों की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। केंद्रों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, शौचालयों की सफाई, पेयजल की उपलब्धता और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान तिथि के दिन मतदान केंद्रों को आकर्षक रूप से सजाया जाए तथा मतदाताओं का स्वागत रंगोली बनाकर किया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, इसे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए।

डॉ. चौधरी ने मतदान केंद्रों पर मोबाइल चार्जिंग की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में सॉकेट या एक्सटेंशन बोर्ड की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मतदान केंद्रों के 100 मीटर दायरे को दर्शाने हेतु लाल झंडी लगाने और वोटर इनफॉर्मेशन स्लिप सभी मतदाताओं तक पाँच दिन पूर्व पहुँचाने की जिम्मेदारी सेक्टर पदाधिकारियों को सौंपी गई।

उन्होंने प्रशिक्षण सत्रों के दौरान पीठासीन पदाधिकारियों और पी-1 कर्मियों से 100 मॉक कॉल करवा कर वीवीपैट से पर्ची निकलवाने और गिनती करवाने का निर्देश दिया। पोलिंग एजेंट से प्रपत्र 17(सी) भरवाने और प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की जानकारी अपलोड करने की जिम्मेदारी भी तय की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान समाप्ति के बाद प्रत्येक सेक्टर पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी नियंत्रण इकाइयों (सीयू) का क्लोज बटन दबा दिया गया हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी निर्देशों का अनुपालन हो रहा है।
इस बार शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। मतदान केंद्रों पर एक बैनर भी लगाया जाएगा, जिस पर लिखा होगा — “आप सीसीटीवी कैमरे की नजर में हैं।”
डॉ. चौधरी ने कहा कि सभी निर्वाची पदाधिकारी अपनी दैनिक चुनावी गतिविधियों, क्षेत्र भ्रमण और आवश्यक निर्देशों की जानकारी मीडिया कोषांग भागलपुर के माध्यम से साझा करेंगे। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से एक कर्मी को मीडिया कोषांग से समन्वय के लिए नामित करेंगे।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















