



भागलपुर । आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भागलपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों में चुनाव में प्रतिनियुक्त किए जाने वाले कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण इंटर स्तरीय जिला स्कूल, इंटर स्तरीय मारवाड़ी पाठशाला, सीएमएस हाई स्कूल, मुस्लिम माइनॉरिटी इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, भागलपुर में आयोजित किया गया। इसमें पीठासीन पदाधिकारी, पी1, पी2, पी3 के साथ अन्य कर्मियों को मास्टर प्रशिक्षकों ने ईवीएम की कंट्रोल यूनिट, बैलट यूनिट और वीवीपैट के संचालन की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मॉक पोल कब और कैसे करना है, इस दौरान पार्टी के पोलिंग एजेंट की उपस्थिति अनिवार्य है। मॉक पोल के बाद कंट्रोल यूनिट को जीरो कर फाइनल वोटिंग प्रक्रिया शुरू की जाती है। मतदान केंद्र पर यदि शाम 5 बजे के बाद भी मतदाता कतार में मौजूद रहते हैं, तो अंतिम मतदाता को उल्टे क्रमांक की पर्ची देकर सभी का मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रशिक्षकों ने यह भी स्पष्ट किया कि पीठासीन पदाधिकारी और सभी मतदान कर्मी आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। ईवीएम सीलिंग की प्रक्रिया तथा चुनाव के दौरान पालन किए जाने वाले अन्य कर्तव्यों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।













