



भागलपुर । आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराने को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में समीक्षा भवन, भागलपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की संयुक्त अध्यक्षता में इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, नवगछिया प्रेरणा कुमार भी मौजूद रहीं।

बैठक में अवैध राशि, शराब तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर सभी प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई एवं आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अवैध धनराशि या अवैध लेनदेन का उपयोग न हो, इसके लिए कड़ी निगरानी रखी जाए।

राज्य कर आयुक्त संचित कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान तक अवैध लेनदेन से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि बैंकों से कैश ट्रांजैक्शन की जानकारी प्रतिदिन प्राप्त की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कैश ट्रांजैक्शन का प्रतिवेदन प्रतिदिन समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि निगरानी और प्रभावी हो सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि स्टैटिक सर्विलांस टीम के प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड जिला नियंत्रण कक्ष में निरंतर दिखाई जाए, जिससे जिला स्तर से भी सभी गतिविधियों पर सीधी निगरानी बनी रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, राज्य कर आयुक्त भागलपुर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
















