



नवगछिया। कोंचिग से पढ़ाई कर लौट रहे एक छात्र को मंगलवार की सुबह रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस संबंध में गोपालपुर थाना के हरनाथचक निवासी संदेश कुमार ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
संदेश कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि 20 दिसंबर की सुबह लगभग आठ बजे वह टापर क्लासेस, कोंचिग से घर लौट रहा था। नवगछिया थाना क्षेत्र के बजरंगबली मंदिर के पास रंगरा चौक थाना के भवानीपुर निवासी संतोष कुमार और हिमांशु कुमार ने पीछे से हमला कर उसके सर पर रॉड से वार किया। इस दौरान हिमांशु कुमार कहते हुए बोल रहा था कि “जान से मार दो।”

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने इन दोनों से पहले किसी प्रकार का विवाद नहीं किया था और ये आरोपी पहले भी अपराध प्रवृत्ति के हैं। कोचिंग से निकलने के बाद ये अक्सर लड़कों के साथ मारपीट करते रहते हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद संदेश कुमार ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

नवगछिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।















