



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अजीत शर्मा ने अपने परिवार संग मतदान किया। वे अपनी पत्नी विभा शर्मा और पुत्र वैभव शर्मा के साथ कृषि भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे और शांतिपूर्ण माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान करने के बाद विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि हर मतदाता का यह नैतिक और लोकतांत्रिक कर्तव्य है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र की असली ताकत जनता के वोट में होती है। भागलपुर के लोगों से मेरा आग्रह है कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”

इस दौरान मतदान केंद्र पर माहौल काफी उत्साहपूर्ण रहा। विधायक के साथ पहुंचे उनके पुत्र वैभव शर्मा ने मतदान के बाद मुस्कुराते हुए अपने अंदाज़ में यह संकेत दिया कि उन्होंने किसे वोट दिया है। उनके इस इशारे से मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाताओं और समर्थकों के बीच हल्की मुस्कान और उत्सुकता का माहौल बन गया।

अजीत शर्मा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भागलपुर की जनता विकास, शांति और प्रगति के मुद्दों पर सोच-समझकर मतदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशियों का नहीं, बल्कि जनता के भविष्य का फैसला होता है, इसलिए हर वोट की अहमियत है।
















