



अनुपस्थित कर्मियों पर होगी कार्रवाई, स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
भागलपुर । उप विकास आयुक्त (डीडीसी) भागलपुर, प्रदीप कुमार सिंह ने गोराडीह प्रखंड का दौरा कर स्वच्छता संबंधी कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन एवं प्रसंस्करण इकाइयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा विभिन्न वार्डों में जाकर घर-घर की स्वच्छता स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान यह पाया गया कि कुल छह स्वच्छता कर्मी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। इस पर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को निर्देश दिया कि अनुपस्थित कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए शीघ्र जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

डीडीसी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति, कार्यकुशलता और व्यवहार पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि साफ-सफाई के कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न हो।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जल निकासी (ड्रेनेज) की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर डीडीसी ने बीडीओ को निर्देशित किया कि जल निकासी की योजना प्रस्तावित कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं स्थानीय निकाय कर्मियों को निर्देश दिया कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु आम जनता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की भागीदारी और कर्मियों की जिम्मेदारी—दोनों के संतुलन से ही गोराडीह को एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित प्रखंड बनाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने कचरा पृथक्करण को घर-घर में सुनिश्चित करने, कचरा उठाव की नियमितता बनाए रखने और प्रसंस्करण इकाइयों की दक्षता बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

साथ ही उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के लिए समयबद्ध उपस्थिति, ड्रेस कोड और कार्य व्यवहार में सुधार के लिए साप्ताहिक मूल्यांकन व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए।
अंत में उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता, इसलिए ग्राम सभाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को इससे जोड़ना आवश्यक है।













