



नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवानीपुर वार्ड संख्या-5 में रविवार की रात एक नवविवाहिता ने दहेज को लेकर ससुराल वालों की प्रताड़ना और घरेलू विवाद से तंग आकर जान दे दी । मृतका की पहचान भवानीपुर निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जो मनीष राम की पत्नी थी।

घटना की सूचना सोमवार की सुबह मिलते ही भवानीपुर थाना की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका बिहपुर प्रखंड के झंडापुर वार्ड संख्या-6 निवासी स्व. अशोक राम की पुत्री थी। नेहा की मां माला देवी ने बताया कि अप्रैल 2025 में भवानीपुर वार्ड संख्या-5 निवासी कलानंद दास के पुत्र मनीष कुमार से नेहा का हिंदू रीतिरिवाज के अनुसार विवाह संपन्न हुआ था। विवाह के समय उपहार स्वरूप डेढ़ लाख रुपये के जेवर, फर्नीचर और एक लाख रुपये मूल्य की बाइक दी गई थी।
शादी के कुछ महीनों तक सबकुछ ठीक था, लेकिन इसके बाद मनीष कुमार, सास माला देवी, देवर आशीष कुमार और ननद ममता कुमारी सहित ससुराल के लोगों ने दो लाख रुपये और दहेज की मांग शुरू कर दी। पैसे को लेकर नेहा के साथ बार-बार मारपीट की जाती थी। घटना वाले दिन शाम को नेहा का सास, ननद और देवर से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी रात नेहा ने घर में भोजन भी नहीं किया।
सोमवार सुबह जब नेहा देर तक नहीं उठी, तो घरवालों ने कमरे में झूलती हुई नेहा को पाया। शव को घरवालों ने ही नीचे उतारा। रिश्तेदारों के माध्यम से मृतका के मायके वालों को जानकारी दी गई, जिसके बाद नेहा की मां माला देवी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे।
भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने बताया कि नवविवाहिता की मौत संदेहास्पद है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका की मां माला देवी के लिखित बयान पर दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।














