



भागलपुर। चौसा थाना क्षेत्र में डायन का आरोप लगाकर पड़ोसियों द्वारा एक पूरे परिवार के साथ जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान भागो देवी, उनकी पुत्री आरती कुमारी, दूसरी पुत्री पूजा कुमारी, पति और बेटे के रूप में हुई है। उन्हें सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। वहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

घायल भागो देवी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला भूलचरण मंडल उन्हें डायन कहकर लगातार प्रताड़ित करता था। वह कई बार तलवार और धारदार हथियार लेकर हमला करने की कोशिश कर चुका है। आरोपी अक्सर धमकी देता था, “तुमने मेरी बकरी खा ली, मेरे बेटे को मार दिया, तुम्हें जान से मार देंगे।”
घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने बताया कि वे लोग पहले पुलिस के पास लिखित शिकायत देने गए थे, लेकिन पुलिस ने पहले इलाज कराने की सलाह दी। इलाज के बाद ही उन्होंने पुलिस में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया जाएगा।















