


नवगछिया : नारायणपुर प्रखंड के जयपुर चुहर पश्चिम पंचायत अंतर्गत पहाड़पुर गांव के सैकड़ों उपभोक्ताओं एवं ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपकर जन वितरण प्रणाली के डीलर भगवान दास पर राशन की कालाबाजारी करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि डीलर ने जुलाई और अगस्त माह का राशन उठाव कर लिया, लेकिन उपभोक्ताओं को केवल एक माह का ही राशन दिया। उपभोक्ताओं के पॉश मशीन (संख्या 122400300244) पर अंगूठा लगवाने के बाद भी अगस्त माह का राशन नहीं दिया गया। आरोप है कि डीलर भगवान दास ने अगस्त माह का गेहूं और चावल ऊंचे दामों पर बेच दिया। जब उपभोक्ताओं ने राशन की मांग की तो डीलर ने दबंगई दिखाते हुए कहा कि एक ही माह का राशन मिलेगा, जहां जाना है जाओ। साथ ही एससी-एसटी केस में फंसाने की धमकी भी दी।
उपभोक्ताओं ने मामले की लिखित शिकायत नारायणपुर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से भी की। शिकायत पर आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलर की दुकान की जांच की, जिसमें एक माह का राशन कालाबाजारी करने की पुष्टि हुई। इसके बावजूद जांच के एक सप्ताह बाद तक डीलर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी ही डीलर को संरक्षण देते हैं और पकड़े जाने पर उसका बचाव करते हैं। इस मामले पर नारायणपुर एमओ से मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह से भी संपर्क असफल रहा।
ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने मांग की है कि डीलर भगवान दास पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में राशन वितरण व्यवस्था पारदर्शी और सुचारू रह सके।














