



भागलपुर जिला के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत तमोनी गांव में एक प्राचीन धार्मिक स्थल पर बने पिंड को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।
घटना की सूचना मिलते ही कजरैली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद सदर एसडीओ विकास कुमार, डीएसपी विधि-व्यवस्था चंद्रभूषण और सिटी डीएसपी-1 अजय चौधरी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों, पुजारी और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर सभी से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की।

प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी है और गांव में कैंप कर निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
घटना उस स्थान की है जहां उपस्वास्थ्य केंद्र के पास एक बहुत पुराना धार्मिक स्थल (पिंड) स्थित है, जिसकी ग्रामीणों के बीच गहरी आस्था है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पिंड वर्षों पुराना है और इसकी धार्मिक मान्यता भी है। किसी व्यक्ति या समूह द्वारा इसे क्षतिग्रस्त किया गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

स्थानीय लोगों द्वारा पिंड की मरम्मत कर दी गई है और उसे पूर्ववत स्थिति में ला दिया गया है। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन को आश्वासन दिया है कि आगे कोई विवाद नहीं होगा और शांति-सद्भाव कायम रखा जाएगा। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।













