



नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में दहेज प्रथा को लेकर एक नवविवाहित जोड़े को घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रविवार को पति-पत्नी भवानीपुर थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर खुर्द निवासी फेको शर्मा की पुत्री उजाला कुमारी (21) का प्रेम संबंध भवानीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी स्व. चक्रवर्ती शर्मा के पुत्र गौतम कुमार (23) से पिछले दो वर्षों से चल रहा था। मामला उजागर होने के बाद दोनों परिवारों की सहमति से इस वर्ष तीन जुलाई को बेगूसराय के गढ़पुरा में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न हुआ।

नवविवाहिता उजाला ने बताया कि शादी के बाद उसका भैंसुर चंदन कुमार शर्मा लगातार तीन लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और सोने-चांदी के जेवरात की मांग कर रहा था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे और उसके पति गौतम को घर से निकाल दिया गया।

गौतम ने बताया कि उसका भाई चंदन उनसे कहता है कि “तुम लोगों ने अपनी मर्जी से शादी की है, इसलिए घर में रहने के लिए दहेज देना होगा, अन्यथा घर छोड़ दो।” पति-पत्नी ने इस मामले को लेकर भवानीपुर थाना में आवेदन दिया है।
थाने में आवेदन के आधार पर दहेज उत्पीड़न और घर से निकाले जाने सहित गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं रविवार को नवविवाहिता अपने पति और सहयोगियों के साथ थाना परिसर में न्याय की आस में बैठी देखी गई।













